- दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में विशेष अग्निहोत्री और देव दुबे भी रहे जीत के नायक
कानपुर, 11 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं वान्डर्स क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबलों में रवनीत टिफिन, आदित्य किचन गैलरी और स्पार्क इंटरनेशनल ने शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, जहां अनुरूद्ध सिंह ने नाबाद शतक, विशेष अग्निहोत्री ने विस्फोटक 154 रन और देव दुबे ने शानदार 92 रन की पारी खेली।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में चन्द्रा एकेडमी ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 170 रन बनाए। अर्पित रे ने 70 और वैभव यादव ने 25 रन का योगदान दिया। जवाब में रवनीत टिफिन ने अनुरूद्ध सिंह के नाबाद 109 और आयुष के नाबाद 37 रन की बदौलत बिना कोई विकेट खोए 19 ओवर में 171 रन बनाकर 10 विकेट से जीत हासिल कर ली। अनुरूद्ध सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कानपुर साउथ-ए मैदान पर आदित्य किचन गैलरी ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 292 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। विशेष अग्निहोत्री ने शानदार 154 रन, अमन कुमार ने 48 और सचिन सोनकर ने 27 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आनन्देश्वर पॉलीपैक की टीम 228 रन पर सिमट गई। राजवीर मल्होत्रा ने 123 रन की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। आदित्य किचन गैलरी ने 64 रन से मुकाबला अपने नाम किया। विशेष अग्निहोत्री को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
कानपुर साउथ-बी मैदान पर पटेल प्रॉपर्टीज ने 33.5 ओवर में 180 रन बनाए। अस्तर अब्बास ने 53 और अयमान पठान ने 36 रन बनाए। जवाब में स्पार्क इंटरनेशनल ने देव दुबे के शानदार 92 रन और दिव्यांश के 37 रन की मदद से 25.3 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की। देव दुबे को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।