अमृत के 95 रन और फैज आलम की घातक गेंदबाजी, एसजेएम स्पोर्ट्स व पटेल प्रापर्टीज विजयी

 

 

  • दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में पटेल प्रापर्टीज ने 7 विकेट और एसजेएम स्पोर्ट्स ने 28 रन से दर्ज की जीत

 

 

कानपुर, 10 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं वान्डर्स क्लब द्वारा आयोजित तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए मुकाबलों में पटेल प्रापर्टीज और एसजेएम स्पोर्ट्स ने शानदार जीत दर्ज की। पहले मैच में फैज आलम की घातक गेंदबाजी और दूसरे मैच में अमृत की शानदार 95 रन की पारी जीत का आधार बनी।

कानपुर साउथ-बी मैदान पर खेले गए मैच में कैलाश पॉलीमर्स की टीम 30.5 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। आर्यन यादव ने 31 और आर्यन सिंह ने 24 रन बनाए। पटेल प्रापर्टीज की ओर से फैज आलम और ईशांत रावल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके।

142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पटेल प्रापर्टीज ने 28.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। अस्तर अब्बास ने 43 रन, अयमान पठान ने 26 रन तथा पर्व खरे ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। फैज आलम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

 

कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में एसजेएम स्पोर्ट्स ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 249 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अमृत ने 95 रन और देव प्रताप सिंह ने 80 रन की शानदार पारियां खेलीं, जबकि मुसाब सैयद 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

जवाब में चन्द्रा क्रिकेट एकेडमी की टीम निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 221 रन ही बना सकी। उदयराज ने नाबाद 143 रन की शानदार पारी खेलकर संघर्ष किया, जबकि अजय कुमार ने 26 रन का योगदान दिया। एसजेएम स्पोर्ट्स की ओर से वंश और अभिमन्यु ने एक-एक विकेट हासिल किया। एसजेएम स्पोर्ट्स ने यह मुकाबला 28 रन से जीत लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए अमृत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Comment