- केडीएमए क्रिकेट लीग में कानपुर क्रिकेटर्स ने 4 विकेट से दर्ज की जीत, सेमीफाइनल में ओलम्पिक क्लब ने रिजर्व बैंक को 8 विकेट से हराया
कानपुर, 10 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में कानपुर क्रिकेटर्स और ओलम्पिक क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। एक ओर समन्वय दीक्षित की 93 रन की बेहतरीन पारी ने कानपुर क्रिकेटर्स को जीत दिलाई, वहीं सेमीफाइनल में पुनीत के नाबाद अर्धशतक की बदौलत ओलम्पिक क्लब ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पीएसी मैदान पर खेले गए मुकाबले में कानपुर साउथ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 32 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन बनाए। उत्कर्ष यादव ने 71 रन, सागर शर्मा ने 33 रन तथा अनुज पाल ने नाबाद 31 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में प्रशांत ने 4 विकेट तथा समन्वय दीक्षित ने 2 विकेट हासिल किए।
जवाब में कानपुर क्रिकेटर्स ने 30 ओवर में 6 विकेट पर 219 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया। समन्वय दीक्षित ने शानदार 93 रन बनाए, जबकि ध्रुव तोमर ने 40 और सक्षम कुशवाहा ने 20 रन का योगदान दिया। कानपुर साउथ की ओर से अनुज पाल ने 3 विकेट और शौर्यदीप ने 2 विकेट लिए।
एवरेस्ट मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में रिजर्व बैंक स्पोर्ट्स एंड रिक्रिएशन क्लब की टीम 32.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। अंकुर कपूर ने 63 और निखिल विश्वकर्मा ने 31 रन बनाए। ओलम्पिक क्लब की ओर से अभिजीत सिंह ने 4 विकेट, अनिकेत यादव ने 3 विकेट तथा पियूष ने 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ओलम्पिक क्लब ने मात्र 17.2 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाकर 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। प्रितेश दीक्षित ने 41 रन, सुसंस्कृत ने 24 रन और पुनीत ने नाबाद 57 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।