- गीता देवी स्मारक अंडर-19 टी-20 प्रतियोगिता में नाइट स्कॉर्चर्स को 33 रन से हराया, अभय बने मैन ऑफ द मैच
कानपुर, 8 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं फ्रेन्ड्स क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम गीता देवी स्मारक टी-20 (अंडर-19) क्रिकेट प्रतियोगिता में गीता देवी (मण्टोरा) मैदान पर खेले गए मुकाबले में एस.ए. टाइटन्स ने नाइट स्कॉर्चर्स को 33 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एस.ए. टाइटन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। टीम की ओर से अभय यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 101 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली। विशेष अग्निहोत्री ने 24 रन और दिव्यांशु साहू ने 32 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम के स्कोर को मजबूत किया। नाइट स्कॉर्चर्स के लिए मानस वर्मा ने 14 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाइट स्कॉर्चर्स की टीम 14.4 ओवर में 163 रन पर सिमट गई। वैदिक दीक्षित ने 72 रन, दिव्यांशु प्रताप ने 28 रन तथा अनुपम तिवारी ने 20 रन बनाए। एस.ए. टाइटन्स की ओर से राज कटियार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 20 रन देकर 6 विकेट झटके, जबकि श्लोक ने 27 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
अभय यादव की नाबाद शतकीय पारी और राज कटियार की शानदार गेंदबाजी के दम पर एस.ए. टाइटन्स ने 33 रन से जीत हासिल की। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभय यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।