- द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में मेहरोत्रा डेंटल को 80 रन से हराया
- कप्तान अर्णव वर्मा ने खेली शानदार 52 रन की पारी, आदित्य निषाद की हैट्रिक और 5 विकेट भी नहीं बचा सके मेहरोत्रा डेंटल को
- अंश यादव को शानदार गेंदबाजी के लिए मिला मैन ऑफ द मैच
कानपुर, 04 जून।
ए एस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में जे बी फाइटर ने मेहरोत्रा डेंटल को 80 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में कप्तान अर्णव वर्मा की जिम्मेदारी भरी अर्धशतकीय पारी और अंश यादव की घातक गेंदबाजी टीम की जीत के मुख्य आधार बने।

बिठूर स्थित मैदान पर खेले गए मुकाबले में मेहरोत्रा डेंटल के कप्तान आदित्य निषाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय उस समय सही साबित होता दिखा जब उन्होंने हैट्रिक सहित 5 विकेट झटककर जे बी फाइटर की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। हालांकि कप्तान अर्णव वर्मा ने एक छोर संभाले रखा और शानदार 52 रन बनाए। उनके अलावा आयुष मौर्य ने 24, अर्णव चंद्रा ने 16 तथा आरव सिंह ने 15 रन का योगदान दिया। जे बी फाइटर की पूरी टीम 24.4 ओवर में 158 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मेहरोत्रा डेंटल की ओर से आदित्य निषाद ने 24 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहरोत्रा डेंटल की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। आदित्य निषाद ने 18 और आदित्य शुक्ला ने 10 रन बनाकर संघर्ष करने का प्रयास किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। जे बी फाइटर के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए पूरी टीम को 20.9 ओवर में 78 रन पर समेट दिया।
विजेता टीम की ओर से अंश यादव ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। विराज पाटिल ने 4 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 15 रन देकर 2 विकेट चटकाए। वरदान ने 4 ओवर में मात्र 6 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि अमीषा निषाद और दिव्यांशु ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया।
शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए अंश यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार राकेश पासवान द्वारा प्रदान किया गया। प्रतियोगिता सचिव पूजा पाटिल ने बताया कि टूर्नामेंट का अगला मुकाबला आयन्स इंडिया और कानपुर टाइटंस के बीच सुबह 6 बजे से खेला जाएगा।
इस अवसर पर प्रशांत शुक्ला, राम प्रसाद यादव, प्रवीण शुक्ला, अमित गौतम, रितेश, निधि, पार्थ, निष्कर्ष, मनीष, आदित्य सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।