कैंट में दिव्यांग बच्चों को मिली एक्वा पूल थेरेपी, खेल प्रदर्शन और आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

 

  • स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के निःशुल्क समर कैंप में हाइड्रोथेरेपी का आयोजन, विशेषज्ञों ने बताए अनेक लाभ

 

कानपुर, 30 मई।

स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स सेंटर, प्रेरणा स्पेशल स्कूल कैंट में संचालित निःशुल्क दिव्यांग समर कैंप के अंतर्गत शनिवार को विशेष बच्चों को एक्वा पूल थेरेपी कराई गई। कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी. एवं संयुक्त अधिशासी अधिकारी कलुलुल हजारीका के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष सत्र में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुब्रतो भद्रा और खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने बच्चों को थेरेपी कराई। इस दौरान उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर तथा ऑफिस सुपरिटेंडेंट वंदना सिन्हा भी उपस्थित रहीं।

विशेषज्ञों ने बताया कि हाइड्रोथेरेपी के नाम से प्रसिद्ध एक्वा पूल थेरेपी दिव्यांग बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत प्रभावी मानी जाती है। पानी का उछाल शरीर के लगभग 90 प्रतिशत वजन का प्रभाव कम कर देता है, जिससे जोड़ों पर दबाव घटता है और मांसपेशियों को आराम मिलता है। वहीं पानी के प्रतिरोध के कारण शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं तथा संतुलन और समन्वय क्षमता में सुधार आता है।

प्रशिक्षकों के अनुसार एक्वा थेरेपी हाइपरएक्टिव बच्चों को शांत करने, सेंसरी विकास को बढ़ावा देने और आत्मविश्वास विकसित करने में भी मददगार है। गर्म पानी से रक्त संचार बेहतर होता है, सूजन कम होती है तथा पुरानी चोटों और सर्जरी के बाद रिकवरी की प्रक्रिया तेज होती है। छाती की मांसपेशियां मजबूत होने से अस्थमा और सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित बच्चों को भी राहत मिलती है।

यह थेरेपी विशेष रूप से सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म, डाउन सिंड्रोम, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी और स्पाइना बिफिडा से प्रभावित बच्चों के लिए लाभकारी मानी जाती है। इसके अलावा जोड़ों के दर्द और ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों को भी इससे फायदा मिलता है।

स्पेशल ओलंपिक भारत उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला तथा एरिया स्पोर्ट्स डायरेक्टर संजीव दोहरे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य विशेष खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल ने बताया कि 25 मई से चल रहे इस निःशुल्क समर कैंप में फुटबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और स्केटिंग के साथ-साथ एक्वा थेरेपी जैसी विशेष गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, जिससे दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा मिल रहा है।

Leave a Comment