सुपर स्ट्राइकर ने पेनल्टी शूटआउट में मारी बाजी, वाई किंग ने दर्ज की एकतरफा जीत

 

 

 

  • दूधिया रोशनी में सजा फुटबॉल का रोमांच, कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब के शताब्दी वर्ष पर 7 ‘ए’ साइड नाइट टूर्नामेंट का शानदार आगाज

 

कानपुर, 22 मई।

Cantonment Football Club और Decathlon के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज दूधिया रोशनी के बीच रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। क्लब के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने अपने खेल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

वाई किंग एफसी की धमाकेदार जीत

दिन का पहला उद्घाटन मुकाबला मैचलेस एफसी और वाई किंग एफसी के बीच खेला गया। मुकाबला शुरुआत से ही वाई किंग के नियंत्रण में दिखाई दिया। टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मैचलेस एफसी को 5-2 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

वाई किंग एफसी की ओर से विहान, ऋषभ, सूर्यांश और रितेश ने बेहतरीन खेल दिखाया। रितेश ने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं मैचलेस एफसी की ओर से शान और सुहालें ने एक-एक गोल किया।

सुपर स्ट्राइकर और जाजमऊ एफसी के बीच हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला

दिन का दूसरा मुकाबला सुपर स्ट्राइकर और जाजमऊ एफसी के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। मैच का स्तर किसी फाइनल मुकाबले से कम नहीं था। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही अटैकिंग फुटबॉल खेली।

मैच के 10वें मिनट में जाजमऊ एफसी के जिब्रान ने शानदार वॉली शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हॉफ तक जाजमऊ एफसी 1-0 से आगे रही। दूसरे हॉफ की शुरुआत में कप्तान ईसा ने गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया।

हालांकि इसके बाद सुपर स्ट्राइकर के स्टार खिलाड़ी अभिषेक थापा ने मैच का रुख ही बदल दिया। मैच के 41वें मिनट में उन्होंने अकेले दम पर कई खिलाड़ियों को छकाते हुए शानदार गोल दागा। इसके बाद मुकाबले के अंतिम 30 सेकंड में राजीव राणा के बेहतरीन पास पर अभिषेक थापा ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में नतीजा नहीं निकलने पर मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा, जहां सुपर स्ट्राइकर ने 5-3 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में शानदार अंदाज़ में कदम रखा।

अजीत सिंह ने किया टूर्नामेंट का उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन Ajit Singh ने किया। इस अवसर पर आसिफ इकबाल, अमित नारंग सहित क्लब के वरिष्ठ पूर्व खिलाड़ी रईस अहमद, फिरोज अहमद, अमित कुमार, शैलेन्द्र रावत, फारूख, असदउल्ला, जय कुमार, रुद्र प्रताप, अतीक अहमद, जावेद शेख, अरशद और गोलू समेत बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।

आज खेले जाएंगे तीन मुकाबले

1. यूनिवर्सिटी एफसी बनाम औरैया फुटबॉल क्लब

2. आरबीआई बनाम एचएएल

3. रॉयल स्पोर्टिंग बनाम उन्नाव स्पोर्टिंग

Leave a Comment