- स्टैंडिंग और प्रोन दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण जीतकर कानपुर का नाम किया रोशन
- देहरादून में आयोजित ओपन इंडिया राइफल पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
- SH-1 कैटेगरी में दो गोल्ड मेडल जीतकर नेशनल प्रतियोगिता के लिए बनाई जगह
- डॉक्टर होने के साथ कठिन मेहनत और अनुशासन से हासिल की बड़ी सफलता
- कोच अमर निगम और अविरल निगम ने जताया गर्व, ओलंपिक पदक की उम्मीद
कानपुर, 21 मई।
देहरादून स्थित महाराणा प्रताप शूटिंग अकादमी में 15 से 23 मई तक आयोजित ओपन इंडिया राइफल पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में कानपुर की महिला पैरा शूटर अपूर्वा कटियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। द परफैक्ट राइफल शूटिंग अकादमी की खिलाड़ी अपूर्वा कटियार ने SH-1 कैटेगरी की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में स्टैंडिंग और प्रोन दोनों इवेंट्स में गोल्ड मेडल जीतकर कानपुर का गौरव बढ़ाया। इस शानदार उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
अपूर्वा कटियार पेशे से डॉक्टर हैं और कानपुर के एक अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं। व्यस्त पेशेवर जीवन के बावजूद उन्होंने शूटिंग के लिए समय निकालकर लगातार कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास किया, जिसका परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दे रहा है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अपूर्वा की इस उपलब्धि पर उनके कोच एवं द परफैक्ट राइफल शूटिंग अकादमी के सचिव अमर निगम और अविरल निगम ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपूर्वा की मेहनत और संघर्ष पर गर्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में अपूर्वा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगी और ओलंपिक में पदक जीतकर कानपुर और भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन करेंगी।