कानपुर में पहली जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप 10 से 12 अप्रैल तक

 

 

ग्रीन पार्क स्टेडियम में तीन दिवसीय आयोजन, विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग

अंडर-11 से सीनियर वर्ग तक होंगे मुकाबले, पहली बार ऑनलाइन एंट्री की डिजिटल व्यवस्था लागू

 

कानपुर, 08 अप्रैल।

कानपुर में खेल गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा पहली जिला स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन 10 से 12 अप्रैल 2026 तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता शहर के उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।

प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों के साथ-साथ महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। इससे विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त होगा।

इस वर्ष प्रतियोगिता में एक विशेष पहल करते हुए सभी प्रविष्टियां केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार की जा रही हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक के नेतृत्व में लागू की गई यह डिजिटल व्यवस्था पारदर्शिता और सुगमता को बढ़ावा देगी।

आयोजन राष्ट्रीय प्रारूप के अनुरूप लीग-कम-नॉकआउट प्रणाली में किया जाएगा, जिससे प्रत्येक खिलाड़ी को अधिक मैच खेलने का अवसर मिलेगा और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित होगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगामी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया जाएगा।

एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से भाग लेने की अपील करते हुए सफल आयोजन की उम्मीद जताई है।

Leave a Comment