- 2nd TPRSA ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदेश भर के 150 निशानेबाजों ने लिया हिस्सा
- ISSF और NR कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन, COC मुकाबलों में उभरी नई प्रतिभाएं
कानपुर नगर, 6 अप्रैल।
कानपुर में आयोजित 2nd TPRSA Open Shooting Championship में “The Perfect Rifle Shooting Academy” के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करीब 30 निशानेबाजों के दम पर 50 से अधिक मेडल जीतकर अपना दबदबा कायम किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 10 मीटर पिस्टल व राइफल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 3 अप्रैल 2026 को विधायक नीलिमा कटियार द्वारा किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में शूटिंग खेल को बढ़ावा देना और उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। प्रतियोगिता में लखनऊ, इटावा, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, आगरा समेत कई जनपदों के खिलाड़ियों की भागीदारी रही, जिससे मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक बने।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में 10 मीटर पिस्टल और राइफल की NR एवं ISSF कैटेगरी में मुकाबले आयोजित किए गए। साथ ही टॉप-8 खिलाड़ियों के बीच ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस’ (COC) मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। खराब मौसम के बावजूद आयोजकों की कुशल व्यवस्था के चलते प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अकैडमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ISSF कैटेगरी के COC में अकैडमी के खिलाड़ी एवं कोच अविरल निगम ने रजत पदक के साथ व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं आयुष नागर ने NR कैटेगरी में कांस्य पदक जीतने के साथ व्यक्तिगत श्रेणी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा अकैडमी के लगभग 30 खिलाड़ियों ने 50 से अधिक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पूर्व विधायक सतीश निगम एवं उत्तर मध्य रेलवे के डिवीजनल सिग्नल टेलीकॉम इंजीनियर वारिस अली खान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अकैडमी के कोच एवं सेक्रेटरी अमर निगम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।