- पारदर्शी प्रक्रिया के तहत फिटनेस, एप्टीट्यूड और खेल कौशल के आधार पर हुआ चयन, सुबह 7 बजे से शुरू हुई चयन प्रक्रिया
कानपुर, 02 अप्रैल।
कानपुर के आर्यनगर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के बच्चों के लिए “स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी योजना” के अंतर्गत आठवें बैच के लिए गुरुवार को चयन ट्रायल आयोजित किए गए। सुबह 7 बजे से शुरू हुई इस प्रक्रिया में कुल 255 बच्चों ने हिस्सा लिया।

समिति की निगरानी में हुई पारदर्शी प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए समन्वय समिति के सदस्य—जगदीश यादव, मुकेश कुमार वर्मा, अमित यादव, संजीव पाठक, डॉ. देवेश दुबे और राजीव गर्ग—मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पूरे ट्रायल की निगरानी करते हुए निष्पक्षता सुनिश्चित की।

फिटनेस, एप्टीट्यूड और खेल कौशल का परीक्षण
ट्रायल के दौरान प्रतिभागियों को पांच-पांच के समूह में बांटकर पहले उनकी शारीरिक फिटनेस और एप्टीट्यूड टेस्ट कराया गया। इसके बाद उनके चुने गए खेल के अनुसार व्यक्तिगत कौशल का आकलन किया गया। पूरी प्रक्रिया दोपहर करीब 1 बजे तक चली।

अब तक 1734 बच्चों को मिल चुका है प्रशिक्षण
आयोजन समिति के अनुसार इस योजना के तहत अब तक सात बैचों में कुल 1734 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आठवां बैच 6 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।

चयनित बच्चों को मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण
इस बार कुल 641 फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें से 310 आवेदन प्राप्त हुए। पात्र 255 बच्चों ने ट्रायल में भाग लिया। चयनित बच्चों को टीएसएच में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ निःशुल्क खेल प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
