ब्लू वारियर्स के धुरंधरों की धमाकेदार बल्लेबाजी

 

 

  • रोमांचक मुकाबले में बी.सी.ए. लीजेंड्स को 2 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

 

कानपुर, 15 मार्च।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित संडे लीग के अंतर्गत खेले गए क्वालीफायर मुकाबले में ब्लू वारियर्स ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए बी.सी.ए. लीजेंड्स को 2 विकेट से पराजित कर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बी.सी.ए. लीजेंड्स ने 30 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। टीम की ओर से नितिन चंद्र ने 57, अंकुर रस्तोगी ने 54, अब्दुल रहमान ने 50, श्रीवत्सन ने 36 और गुरविंदर ने 21 रनों का योगदान दिया। ब्लू वारियर्स की ओर से राहुल तिवारी ने 38 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।

जवाब में ब्लू वारियर्स की टीम ने 29 ओवरों में 8 विकेट खोकर 228 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए प्रशांत चौसर ने 37, इंद्रभूषण साहू ने 35, मनीष सिंह ने 25, विनय भान ने 15 और धर्मेंद्र यादव ने शानदार 89 रन (43 गेंद, 9 छक्के) की पारी खेली। बी.सी.ए. लीजेंड्स की ओर से सौरभ चौहान ने 39 रन देकर 3 विकेट तथा अब्दुल रहमान ने 43 रन देकर 2 विकेट लिए। धर्मेंद्र यादव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

एकअन्य मैच में पटेल प्रॉपर्टीज ने मेटाडोर फोम इलेवन को 77 रनों से पराजित किया। पटेल प्रॉपर्टीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवरों में 7 विकेट पर 315 रन बनाए। अंकुर पांडे ने 100, गोपाल सिंह ने 81, रविंद्र आनंद ने 55 और आशीष कश्यप ने 49 रनों की पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेटाडोर फोम इलेवन की टीम 29.5 ओवरों में 238 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सौरभ सिंह ने 57, अभिषेक रावत ने 53, रोहित गुप्ता ने 44 और रितेश गुप्ता ने 41 रन बनाए। पटेल प्रॉपर्टीज की ओर से मिशन गुप्ता ने 45 रन देकर 2 विकेट, कृष्णा बाली ने 22 रन देकर 2 विकेट, अंकुर जैन ने 39 रन देकर 2 विकेट तथा मो. जावेद ने 45 रन देकर 2 विकेट लिए। अंकुर पांडे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

अब 22 मार्च को दूसरे क्वार्टर फाइनल में फ्रेंड्स क्लब मैदान पर पैट्रिक प्रॉपर्टीज और बी.सी.ए. लीजेंड्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

Leave a Comment