- खिलाड़ियों को समर्पित करने से पहले कबड्डी मैट की विधिवत पूजा-अर्चना, कई खेलों की प्रतियोगिताएं 20 मार्च तक
उन्नाव, 15 मार्च।
जिला खेल कार्यालय उन्नाव द्वारा कबड्डी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए उपलब्ध कराई गई कबड्डी मैट को खिलाड़ियों को समर्पित करने से पूर्व उसकी विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी मुकेश सब्बरवाल, निशि सब्बरवाल, जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल, कृष्ण प्रताप सिंह, आनंद मोहन और कुष्मेश पटेल ने कबड्डी खिलाड़ियों के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की।
इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी मुकेश सब्बरवाल, जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन राहुल तिवारी और सचिव डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल ने खिलाड़ियों के लिए कबड्डी मैट उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय और जिलाधिकारी उन्नाव के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला क्रीड़ाधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के निर्देशानुसार 16 मार्च से 20 मार्च तक जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल और हैंडबॉल की जूनियर आयु वर्ग (अंडर-18) के बालक और बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ी प्रतियोगिताओं से संबंधित प्रशिक्षकों से संपर्क कर सकते हैं।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं
16 मार्च: कबड्डी एवं वॉलीबॉल (बालक व बालिका)
17 मार्च: टेबल टेनिस (बालक व बालिका)
20 मार्च: बैडमिंटन (बालक व बालिका)
सेंट लॉरेंस स्कूल में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं
16 मार्च: बास्केटबॉल व हैंडबॉल (बालक व बालिका)
19 मार्च: एथलेटिक्स (बालक व बालिका) एवं फुटबॉल (बालक)
राज्य स्तरीय आमंत्रण प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय द्वारा मैनपुरी में वॉलीबॉल (पुरुष) और फर्रुखाबाद में कबड्डी (पुरुष) की राज्य स्तरीय आमंत्रण प्रतियोगिताएं 18 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला स्तरीय टीम का चयन ट्रायल 16 मार्च को सुबह 10 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम उन्नाव में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी समय पर पहुंचकर इसमें भाग ले सकते हैं। इस ट्रायल में भाग लेने के लिए आयु की कोई बाध्यता नहीं है।