अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्टार पावर लिफ्टर को विशेष सम्मान

 

 

 

  • हर पुरस्कार जीवन में संजीवनी की तरह काम करता है : तनु शुक्ला
  • कानपुर में अपना जिम “स्टूडियो फ्लेक्स फिटज़ट्स” संचालित कर रहीं हैं तनु शुक्ला
  • नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो गोल्ड जीत चुकी हैं स्टार एथलीट

 

कानपुर, 14 मार्च।

जब इरादे बुलंद हों तो कोई भी मुश्किल या बाधा आपको आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। यह बात कानपुर की मशहूर एथलीट और पावर लिफ्टर तनु शुक्ला ने अपने दमदार प्रदर्शन से साबित कर दिखाई है। अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने खेल की दुनिया में वह मुकाम हासिल किया है, जो हर खिलाड़ी का सपना होता है।

‘ब्यूटी विद ब्रेन’ की मिसाल पेश करते हुए तनु शुक्ला ने अपनी मजबूत बाजुओं के दम पर पावर लिफ्टिंग में शानदार पहचान बनाई है और नारी सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके इसी जज्बे और उपलब्धियों को देखते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माधवराव सिंधिया स्मारक समिति के तत्वावधान में उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद खुशी जाहिर करते हुए तनु शुक्ला ने कहा कि हर पुरस्कार जीवन में संजीवनी की तरह काम करता है। जब किसी व्यक्ति के कार्य, गुण और योग्यता का सही मूल्यांकन करते हुए उसे सम्मानित किया जाता है तो इससे नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। ऐसे सम्मान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और जीवन में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।

तनु शुक्ला कानपुर में अपना खुद का जिम “स्टूडियो फ्लेक्स फिटज़ट्स” संचालित कर रही हैं और युवा खिलाड़ियों को फिटनेस व पावर लिफ्टिंग के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने 17 से 21 जनवरी तक हरिद्वार में आयोजित सुब्रतो क्लासिक नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल पावर लिफ्टिंग और ओवरऑल डेड लिफ्ट में दो स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया था।

तनु शुक्ला का मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लगातार मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलताएं भी आती हैं, लेकिन उनसे घबराने के बजाय अपनी कमियों को सुधारते हुए धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

Leave a Comment