- दिव्यांग प्रतिभाओं को मिला सशक्त मंच
कानपुर, 28 फरवरी।
दिव्यांगजन सहशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य निधि योजना के अंतर्गत आयोजित “समर्थ शिल्प मेला” का भव्य आयोजन प्रेरणा स्पेशल स्कूल में संपन्न हुआ। मंडलस्तरीय प्रदर्शनी एवं कार्यशाला के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांगजन द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं बैलून गुच्छा उड़ाकर किया गया। इस अवसर पर सतीश महाना, कैंट विधायक हसन रूमी सहित श्री स्टीफन पी डी, श्री कल्लूलुल हजारिका, श्री लखन लाल ओमर, श्री विनय उत्तम, श्रीमती वंदना सिंहा, डॉ. शिखा अग्रवाल एवं डॉ. सुब्रतो भद्रा समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों ने विशेष शिक्षकों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

प्रदर्शनी में सराही गई प्रतिभाएं
मेले में बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों—सजावटी वस्तुएं, उपयोगी सामग्री एवं कलात्मक शिल्प—को प्रदर्शित किया गया। आगंतुकों ने बच्चों की रचनात्मकता और कौशल की खुलकर सराहना की। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम के अंतर्गत अमृता स्कूल, सई बाबा स्कूल, श्याम संजीवनी स्कूल तथा प्रेरणा स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन सत्येंद्र सिंह यादव, प्रभांशु वर्मा, विकास अवस्थी, अर्चना यादव, अल्पना चौधरी, अल्पना सिंह, कल्पना सिंह, अनूप यादव एवं सूरज शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता का सशक्त माध्यम
यह आयोजन दिव्यांग बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज से जुड़ने का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। “समर्थ शिल्प मेला” ने यह संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर दिव्यांगजन भी हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।