विजी ट्रॉफी में भव्य तिवारी का चयन

 

  • नॉर्थज़ोन टीम में जगह बनाकर बढ़ाया शहर का मान 

 

कानपुर, 28 फरवरी।

कानपुरके उभरते हुए प्रतिभाशाली क्रिकेटर भव्य तिवारी का चयन प्रतिष्ठित विजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए नॉर्थ ज़ोन टीम में किया गया है। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ी के लिए बल्कि पूरे कानपुर के क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

भव्य तिवारी वर्तमान में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में अलीगढ़ में आयोजित नॉर्थ ज़ोन यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के खिलाफ उन्होंने मात्र 16 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में दिल्ली यूनिवर्सिटी के विरुद्ध 17 गेंदों पर नाबाद 35 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

उनकी इन मैच जिताऊ पारियों की बदौलत जामिया मिलिया इस्लामिया की टीम 13 वर्षों बाद अखिल भारतीय विश्वविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही और नॉर्थ ज़ोन यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में उपविजेता बनी।

भव्य इससे पूर्व उत्तर प्रदेश राज्य की अंडर-14 एवं अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे लगातार कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंतर्गत ओलंपिक रजिस्टर्ड टीम से खेलते रहे हैं तथा पिछले वर्ष कानपुर प्रीमियर लीग में कैंट जेके स्पार्टन्स टीम का हिस्सा रहे। उनका यह चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।

भव्य तिवारी के चयन पर केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एस. एन. सिंह एवं सचिव कौशल कुमार सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा विजी ट्रॉफी में उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।

Leave a Comment