कानपुर क्रिकेटर्स एवं के०डी०एम०ए० विजयी

 

 

  • सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले
  • समन्वय दीक्षित के नाबाद 97 रन चमके, के०डी०एम०ए० ने गेंदबाजी के दम पर दर्ज की जीत

कानपुर, 8 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं नेशनल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित द्वितीय सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत कानपुर साउथ मैदान पर खेले गये दो मुकाबलों में कानपुर क्रिकेटर्स एवं के०डी०एम०ए० की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। मुकाबलों में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों का भी प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला।

कानपुर क्रिकेटर्स 10 रनों से विजयी

कानपुर क्रिकेटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 181 रन बनाये। समन्वय दीक्षित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि आकाश त्रिवेदी ने 11 रन जोड़े। गेंदबाजी में जय तिवारी और निशान्त गौड़ ने दो-दो विकेट हासिल किये।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विनर्स क्लब की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 171 रन ही बना सकी। सार्थक लोहिया ने 71 तथा प्रियांशु रावत ने 50 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम जीत से 10 रन दूर रह गई। अशोक कुमार ने 2 तथा शशांक अवस्थी ने 1 विकेट लिया।

के०डी०एम०ए० 25 रनों से विजयी

के०डी०एम०ए० की टीम 17.3 ओवर में 122 रन पर सिमट गई। माही कटियार (39) और सुधांशु चौहान (38) ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। विपक्षी गेंदबाज शिवेन्द्र और मो. आतिफ खान ने तीन-तीन विकेट लेकर दबाव बनाया, जबकि कृष्ण चावला और आलोक साहू ने दो-दो विकेट लिये।

जवाब में ग्रेजुएट क्लब की टीम 18.3 ओवर में 97 रन पर ऑल आउट हो गई। देवाशीप ने 34 रन बनाये, लेकिन अंकित राजपूत और श्याम दीक्षित की घातक गेंदबाजी (3-3 विकेट) तथा सौरभ सिंह के 2 विकेटों ने टीम को संभलने नहीं दिया।

इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन वी-गार्ड इण्डस्ट्रीज लिमिटेड के शाखा प्रबंधक एस०के० सेठ ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। कार्यक्रम में के०सी०ए० अध्यक्ष एस०एन० सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, दिनेश कटियार, पी०एस० नेगी, राजेश वर्मा, निर्मल सिंह, ब्रजेश सिंह, राजेश मिश्रा, पंकज भाटिया, अमरनाथ यादव, राहुल एवं धनंजय मिश्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment