- वी-गार्ड ट्रॉफी के लिये 8 टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला
कानपुर 22 फरवरी।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध नेशनल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित तृतीय सुरेन्द्र सिंह यादव स्मारक टी-20 आमन्त्रण क्रिकेट प्रतियोगिता (वी-गार्ड ट्रॉफी) का शुभारम्भ 23 फरवरी से कानपुर साउथ मैदान पर किया जाएगा। प्रतियोगिता में सीनियर डिवीजन की कुल 8 टीमें प्रतिभाग करेंगी।
प्रतियोगिता में कानपुर क्रिकेटर्स, विनर्स क्लब, कानपुर साउथ, ओलम्पिक रजि०, रोवर्स क्लब, खाण्डेकर क्लब, के०डी०एम०ए० तथा ग्रेजुएट क्लब की टीमें खिताब के लिये मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रंगीन ड्रेस में सफेद गेंद से खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को टी-20 प्रारूप का रोमांच देखने को मिलेगा।
उद्घाटन मुकाबला कानपुर क्रिकेटर्स एवं विनर्स क्लब के बीच खेला जाएगा। मैच का उद्घाटन वी-गार्ड इण्डस्ट्रीज लिमिटेड के शाखा प्रबन्धक श्री एस०के० सेठ द्वारा किया जाएगा।
आयोजन सचिव पी०एस० नेगी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए सभी क्रिकेट प्रेमियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।