मानिक गुप्ता को अंतिम विदाई, छोटी बेटी ने दी मुखाग्नि

 

 

 

  • मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में घायल वरिष्ठ अंपायर का निधन, खेल जगत में शोक की लहर,

 

कानपुर 19 फरवरी।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता (60) का बुधवार को मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमले में घायल होने के बाद आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शहर के क्रिकेट जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार मानिक गुप्ता शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में अंडर-13 लीग मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे। मैच समाप्त होने के बाद अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने सप्रू-ए मैदान में चल रहे के०डी०एम०ए० लीग मैच के दौरान खिलाड़ियों एवं अंपायरों पर हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना में कई खिलाड़ी और अंपायर घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल मानिक गुप्ता को पहले कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हृदय रोग संस्थान रेफर किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फीलखाना निवासी मानिक गुप्ता पिछले लगभग 30 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के अंपायरिंग पैनल का हिस्सा थे। खेल के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन के लिए वे खिलाड़ियों व साथियों के बीच अत्यंत सम्मानित थे। वे अपने पीछे पत्नी और चार पुत्रियों को छोड़ गए हैं।

उनका अंतिम संस्कार भगवत् दास घाट पर संपन्न हुआ, जहां उनकी छोटी पुत्री सुमद्धी गुप्ता ने मुखाग्नि दी। इस मार्मिक दृश्य ने उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं।

अंतिम संस्कार में एस.एन. सिंह, कौशल कुमार सिंह, संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में के०सी०ए० के अंपायर, स्कोरर और खिलाड़ी उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Comment