- महिला महाविद्यालय किदवई नगर में 55वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता सम्पन्न
कानपुर, 19 फरवरी 2026।
महिला महाविद्यालय, किदवई नगर, कानपुर में 55वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग तथा क्रीड़ा समिति के संयुक्त तत्वावधान में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय की भूतपूर्व प्राचार्या प्रो. बी.आर. अग्रवाल एवं वर्तमान प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी द्वारा किया गया।

प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। एनसीसी, बीएड एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत की। गतवर्ष की चैंपियन खिलाड़ी कुमारी कोमल सैनी ने मशाल दौड़ के साथ खेलों का औपचारिक शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं फिटनेस का आधार हैं और इन्हें दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। मुख्य अतिथि प्रो. बी.आर. अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल चरित्र निर्माण, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं।

शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष एवं क्रीड़ा समिति की सचिव प्रो. दीपाली निगम ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। छात्राओं द्वारा नृत्य, पिरामिड एवं योग प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या ने छात्राओं को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई तथा गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।

प्रतियोगिताओं में 100, 200, 400, 800 व 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, 4×100 मीटर रिले रेस सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। यह प्रतियोगिताएं 11 फरवरी से प्रारंभ होकर अंतिम दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ सम्पन्न हुईं। शतरंज एवं बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं भी इसमें शामिल रहीं।

इस वर्ष महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार दो छात्राओं — कुमारी प्रियंका यादव एवं प्रीति यादव — ने संयुक्त रूप से चैंपियनशिप ट्रॉफी प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को भी मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पूजा श्रीवास्तव ने किया, जबकि क्रीड़ा समिति की अध्यक्षा प्रो. प्रतिभा श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. प्रजा श्रीवास्तव, डॉ. साधना पांडे, डॉ. दीपाली श्रीवास्तव, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. पारुल सहित समस्त प्राध्यापकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सहयोग रहा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।