- 133 रनों की धमाकेदार पारी से सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने आदर्श क्लब को 115 रन से हराया
कानपुर, 9 फरवरी।
सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर हरा पत्ता कप के फाइनल मुकाबले में सत्य कुमार की शानदार शतकीय पारी के दम पर सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने आदर्श क्लब को 115 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। साउथ ग्राउंड पर खेले गए इस फाइनल में सुपीरियर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 274 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

सुपीरियर की बल्लेबाजी का जलवा
सुपीरियर की ओर से सत्य कुमार ने 133 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी। उनके अलावा कुंवर शिवम ने 43, कुमार अभिनव ने 30, मयंक तिवारी ने 26 तथा गोपाल चाहर ने 22 रनों का योगदान दिया। आदर्श क्लब की ओर से गेंदबाजी में विशाल प्रजापति ने 4 विकेट और मनीष यादव ने 2 विकेट लिए।
कसी गेंदबाजी के आगे ढह गई आदर्श क्लब
275 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदर्श क्लब की टीम सुपीरियर की सटीक और अनुशासित गेंदबाजी के सामने 159 रनों पर सिमट गई। आदर्श की ओर से राहुल कुमार ने 35, हर्षित यादव ने 27 और राज कुशवाहा ने 17 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया। सुपीरियर की गेंदबाजी में निष्कर्ष श्रीवास्तव ने 4, नितिन तोमर ने 3 और प्रमोद पाटिल ने 2 विकेट झटके।
मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन
मैच के उपरांत मुख्य अतिथि डीएवी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. बी.पी. सिंह एवं एडवोकेट इनकम टैक्स नीलेश डुसेजा ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेलते रहने और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। केसीए अध्यक्ष एस.एन. सिंह और सचिव कौशल सिंह ने विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए।

व्यक्तिगत पुरस्कारों की झड़ी
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुपीरियर के सत्य कुमार को मिला। बेस्ट बॉलर का खिताब आदर्श क्लब के अमित कुमार, बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार सुपीरियर के जय प्रकाश और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान आदर्श क्लब के देवेश तिवारी को प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के दौरान जय प्रकाश, सत्य कुमार, देवेश तिवारी और सत्यम यादव ने शतकीय पारियां खेलकर दर्शकों को रोमांचित किया। मंच संचालन सुपीरियर स्पिरिट्स के सचिव सर्वेश तिवारी ने किया।
खेलप्रेमियों की रही खास मौजूदगी
इस अवसर पर संजय गुप्ता, सुनील गुप्ता, विनोद द्विवेदी, विकास सिंह, प्रमोद पाटिल, पूजा पाटिल, ऋषि तिवारी, श्रवण शुक्ला, महेश कटियार, राजेश शुक्ला, महेश पाल, नायाब आलम, सुनील निषाद, दीपक सचान, शैलेन्द्र शुक्ला, अदिति सिंह, अपूर्वा सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।