चंद्रा ट्रॉफी T20 में रोमांचक मुकाबले, अमन राजपूत और हर्षित बने मैन ऑफ द मैच।
कानपुर, 9 फरवरी।
चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर स्पार्क क्लब द्वारा आयोजित चंद्रा ट्रॉफी T20 क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत आज दो मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मुकाबले में जेडी क्लब का सामना वाईएमसी क्लब से हुआ। जेडी क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वाईएमसी क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए राहुल के सर्वाधिक 26 रनों की बदौलत 107 रनों पर सिमट गई। जेडी क्लब की ओर से अमन यादव ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि सूरज और जहीर को दो-दो विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेडी क्लब की टीम ने अमन राजपूत के शानदार 58 रनों की बदौलत 12.5 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वाईएमसी क्लब की ओर से अंशुमन त्रिपाठी को दो विकेट प्राप्त हुए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अमन राजपूत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। चंद्रा क्रिकेट अकादमी के डायरेक्टर नीरज वर्मा ने उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
दूसरे मुकाबले में सी स्पोर्टिंग यूनियन क्लब और स्पार्क क्लब आमने-सामने रहे। सी स्पोर्टिंग यूनियन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए। हर्षित गौतम ने 48 और उमेश ने 21 रनों का योगदान दिया। स्पार्क क्लब की ओर से निखिल कटियार, अंबुज यादव और शेखर सुमन ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में स्पार्क क्लब की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी। पवन यादव ने 29 और सत्यम पासवान ने 27 रन बनाए। सी स्पोर्टिंग यूनियन की ओर से हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए हर्षित ने तीन और दीपक ने तीन विकेट चटकाए। इस रोमांचक मुकाबले में सी स्पोर्टिंग यूनियन ने पांच रनों से जीत दर्ज की।
मैन ऑफ द मैच हर्षित को Svas Life Sciences Pvt. Ltd. के डायरेक्टर आशीष मेहरोत्रा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह जानकारी टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने दी।