- आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले को लेकर साउथ ग्राउंड में तैयारियां तेज
- आदर्श क्लब ने सेमीफाइनल में दर्ज की बड़ी जीत
कानपुर, 6 फरवरी।
द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट हरा पत्ता कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में आदर्श क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत क्रिकेट क्लब को 104 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। साउथ ग्राउंड, कानपुर में खेले गए इस मुकाबले में आदर्श क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 5 विकेट पर 276 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
देवेश तिवारी की तूफानी शतकीय पारी
आदर्श क्लब की ओर से देवेश तिवारी ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 118 गेंदों में 160 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। देवेश के अलावा हर्षित यादव (38 रन) और हिमांशु राय (25 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
भारत क्रिकेट क्लब की टीम 172 रनों पर सिमटी
276 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत क्रिकेट क्लब की टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 32 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत क्लब की ओर से रोहित वर्मा (52 रन) और युवराज सिंह (49 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके।
अमित कुमार की घातक गेंदबाजी
आदर्श क्लब की ओर से गेंदबाजी में अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 26 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके अलावा देवेश तिवारी और सत्यम सिंह ने भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
9 फरवरी को होगा खिताबी मुकाबला
प्रतियोगिता सचिव प्रमोद पाटिल के अनुसार हरा पत्ता कप 2026 का फाइनल मुकाबला 9 फरवरी, सोमवार को साउथ ग्राउंड, कानपुर में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी और आदर्श क्लब के बीच होगा। आयोजकों को उम्मीद है कि फाइनल मैच दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहेगा।