हरा पत्ता कप के फाइनल में सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी

 

 

 

 

  • द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में एस एस क्लब पर दर्ज की 108 रन की बड़ी जीत

 

कानपुर, 5 फरवरी।

द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर हरा पत्ता कप के प्रथम सेमीफाइनल में सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एस एस क्लब को 108 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

साउथ ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने 7 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। टीम की ओर से जय प्रकाश गुप्ता ने शानदार 67 रन बनाए। रितेश सिंह ने 41, कुमार अनुभव ने 33, गोपाल चाहर ने 30 रन का योगदान दिया, जबकि धनंजय यादव 42 रन बनाकर नाबाद रहे। एस एस क्लब की ओर से प्रांजल यादव और अरुण राय ने 2-2 विकेट हासिल किए।

कसी गेंदबाजी के आगे ढेर हुआ एस एस क्लब

लक्ष्य का पीछा करते हुए एस एस क्लब की पूरी टीम 133 रन पर सिमट गई। दिव्यांश सिंह ने संघर्षपूर्ण 45 रन बनाए, जबकि अमन कुमार ने 23 रन जोड़े। सुपीरियर स्पिरिट्स की ओर से अमित गुप्ता और जय प्रकाश गुप्ता ने 2-2 विकेट चटकाए।

इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जय प्रकाश गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया, यह पुरस्कार संतोष त्रिपाठी ने प्रदान किया।

आदर्श क्लब ने भी सेमीफाइनल में बनाई जगह

दिन के दूसरे मुकाबले में आदर्श क्लब ने नेशनल यूथ को 35 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आदर्श क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 206 रन बनाए। हर्षित यादव ने 63, रजीत कुमार ने 49, देवेश तिवारी ने 30 और दिग्विजय सिंह ने 25 रन बनाए। नेशनल यूथ की ओर से दिव्यांशु और सोम कटियार ने 3-3 विकेट, जबकि धनेश चौहान ने 2 विकेट लिए।

जवाब में नेशनल यूथ की टीम रोहित कश्यप के 52, दिव्यांशु पांडे के 29 और अभिषेक के 17 रनों के बावजूद लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। आदर्श क्लब की ओर से देवेश तिवारी ने 3 विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। यह पुरस्कार अंपायर मनोज सिंह ने प्रदान किया।

कल खेला जाएगा दूसरा सेमीफाइनल

प्रतियोगिता सचिव प्रमोद पाटिल ने बताया कि टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कल साउथ ग्राउंड पर आदर्श क्लब और भरत क्लब के बीच खेला जाएगा।

Leave a Comment