- भीड़भाड़ से दूरी, मास्क और साफ-सफाई से रोका जा सकता है टीबी का संक्रमण
कानपुर, 1 फरवरी।
टीबी जैसी संक्रामक बीमारी से बचाव को लेकर स्काउट-गाइड बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित स्काउट भवन में स्वास्थ्य चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट टीबी हॉस्पिटल के कंसल्टेंट डॉ. शेख ने बच्चों को टीबी के कारण, संक्रमण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

हवा के जरिए फैलती है टीबी
डॉ. शेख ने बताया कि टीबी एक ऐसी बीमारी है जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलती है। इसके कीटाणु संक्रमित व्यक्ति की खांसी या सांस के जरिए हवा में फैलते हैं और सामने वाले व्यक्ति को संक्रमित कर सकते हैं। हालांकि ये कीटाणु कुछ सेकंड तक ही जीवित रहते हैं, इसलिए दूरी बनाए रखना इसके संक्रमण को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
मास्क और स्वच्छता है सबसे बड़ा बचाव
डॉ. शेख ने कहा कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। मास्क का उपयोग, नियमित सफाई, स्वच्छता और जागरूकता ही टीबी से बचाव के मुख्य उपाय हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कानपुर नगर में टीबी की जांच और उपचार के लिए विभिन्न सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं उपलब्ध हैं।
परिवार और पड़ोस को करें जागरूक
बच्चों से आह्वान करते हुए डॉ. शेख ने कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार से शुरुआत कर पड़ोसियों को भी टीबी के प्रति जागरूक करें, ताकि समाज से इस बीमारी को खत्म किया जा सके।
अधिकारी व स्काउट-गाइड पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला आयुक्त गाइड डॉ. स्मित तिवारी, जिला सचिव सर्वेश तिवारी, जिला संगठन आयुक्त गाइड प्रीति तिवारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट कौशल विश्वकर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट कौशल राय, आशीष सिंह, अल्का द्विवेदी, ऋषिका मिश्रा, सभा शंकर द्विवेदी, रविन्द्र यादव, वीरेंद्र कुमार, लवली तिवारी सहित विभिन्न स्कूलों के बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड बच्चे उपस्थित रहे।