- 424 आवेदनों में से 256 बच्चों ने लिया ट्रायल में हिस्सा
कानपुर, 2 जनवरी।
नगर निगम द्वारा खेलो इंडिया एवं स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में ईडब्लूएस वर्ग के बच्चों के लिए खेल ट्रायल शुक्रवार से प्रारंभ हुए। इन ट्रायल्स के माध्यम से बच्चों की शारीरिक क्षमता, फिटनेस और खेल कौशल का गहन व व्यवस्थित मूल्यांकन किया गया।

256 बच्चों को मिला ट्रायल का अवसर
नगर निगम को ईडब्लूएस श्रेणी के अंतर्गत कुल 424 आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन सत्यापन की प्रक्रिया के बाद 256 बच्चों को ट्रायल में भाग लेने की अनुमति प्रदान की गई। ट्रायल को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

फिजिकल और स्पोर्ट्स स्किल टेस्ट
शुक्रवार को सुबह 10 बजे से बच्चों का फिजिकल टेस्ट लिया गया, जिसमें उनकी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और फिटनेस का परीक्षण किया गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे से इंडिविजुअल स्पोर्ट्स स्किल टेस्ट आयोजित किया गया, जहां बच्चों की उनके चयनित खेलों में व्यक्तिगत दक्षता को परखा गया।
विभिन्न खेलों में दिखा जोश
ट्रायल के दौरान बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो जैसे खेलों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पारदर्शिता के लिए कोऑर्डिनेशन कमेटी
नगर निगम द्वारा ट्रायल प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। ट्रायल के बाद चयनित बच्चों की सूची तीन जनवरी को जारी की जाएगी।
पांच जनवरी से शुरू होगा प्रशिक्षण
चयनित प्रतिभागियों को चार जनवरी तक मेडिकल (फिट-डेबिट) सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके पश्चात ईडब्लूएस खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का सातवां बैच सोमवार, पांच जनवरी से द स्पोर्ट्स हब में प्रारंभ होगा, जहां बच्चों को आधुनिक खेल सुविधाओं के बीच निशुल्क एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।