- महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में किया गया जागरूकता एवं प्रशिक्षण का आयोजन
कानपुर, 21 दिसंबर।
क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में मातृशक्ति द्वारा महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें आपात परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी ऑफिसर शैल्या जी ने महिलाओं को सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट की स्थिति में इन संसाधनों का प्रभावी ढंग से कैसे उपयोग किया जा सकता है।

वहीं प्रशिक्षक सृष्टि वर्मा जी ने ताइक्वांडो के माध्यम से महिलाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ और सही तकनीक के जरिए स्वयं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सत्यदेव पचौरी जी, डॉ विकास शुक्ला जी, डॉ प्रीति शुक्ला जी सहित शाखा के प्रबुद्ध वर्ग ने सहभागिता की और महिला सशक्तिकरण को समाज के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर क्रीड़ा भारती की मातृशक्ति प्रमुख डॉ सुलोचना दीक्षित जी ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम स्कूलों और कॉलेजों में भी आयोजित किए जाने की योजना है।
कार्यक्रम में पूनम जी, शशि जी, राखी गुप्ता (काकादेव प्रमुख), राजेश जी भाई साहब, दिनेश जी भाई साहब, अखिलेश जी भाई साहब, पप्पू भैया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।